Site icon www.khabredinraat.com

एटीएम बदलकर महिला के खाते से निकाले 36 हजार

जयपुर। कोतवाली थाना इलाके में मदद के बहाने एक बदमाश ने महिला का एटीएम कार्ड बदल लिया और फिर उससे 36 हजार रुपए निकाल लिए। बैंक से मैसेज आने पर पीडिता को ठगी का पता चला। पुलिस के अनुसार शाहपुरा निवासी सरोज ने मामला दर्ज करवाया कि वह जयपुर आई थी। चांदपोल बाजार में एटीएम पर रुपए निकालने के दौरान एक युवक आया और मदद के बहाने उसने मेरा एटीएम बदल लिया। आरोपी ने रुपए निकालने के दौरान उसके पासवर्ड देख लिया और फिर उसकी मदद से उसके खाते से रुपए निकाल लिए। पुलिस इस मामले में एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।

नौकरी के नाम पर युवती से ठगे 57 हजार

संजय सर्किल थाना इलाके में नौकरी के नाम पर एक युवती से 57 हजार रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार नाहरी का नाका निवासी तृप्ति शर्मा ने मामला दर्ज करवाया कि उसने ऑनलाइन नौकरी सर्च किया था। सर्च के दौरान उसके मोबाइल पर एक मेसेज आया और एक व्यक्ति ने उसे कॉल किया। पीडिता ने दिए गए लिंक पर अपना रजिस्ट्रेशन करवाया। आरोपी ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर उससे कई बार में 57 हजार 869 रुपए ले लिए। इसके बाद भी आरोपी ने उसे नौकरी नहीं लगवाई। इस पर उसे ठगी का अहसास हुआ।

मारपीट कर नकदी व सोने की चेन छीनी

करधनी थाना इलाके में दो बाइक सवार चार बदमाश एक युवक से मारपीट कर नकदी व चांदी की चेन छीनकर ले गए। पुलिस के अनुसार सीकर निवासी पराक्रम सिंह ने बताया कि वह बाजार जा रहा था। करधनी के सामने दो बाइक पर सवार युवकों ने उसे रोका और मारपीट कर उससे चांदी की चेन और 1 हजार 600 रुपए छीनकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version