Site icon www.khabredinraat.com

मैरिज गार्डन में चल रहे आशीर्वाद समारोह से गहने-कैश से भरा बैग पार

जयपुर। शहर के शिवदासपुरा थाना इलाके में एक मैरिज गार्डन में चल रहे आशीर्वाद समारोह के दौरान लाखों रुपए के गहने और नकदी से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात की पूरी घटना मैरिज गार्डन में हो रही वीडियोग्राफी में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार रामनगरिया के जगतपुरा निवासी नितिन करोल ने मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि 7 फरवरी को उनके भाई नवीन के आशीर्वाद समारोह का कार्यक्रम जगतपुरा स्थित चंदन वन मैरिज गार्डन में आयोजित था। रात करीब 10:15 बजे बैंक्वेट हॉल में कार्यक्रम चल रहा था और मेहमान स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दे रहे थे।

इसी दौरान एक युवक स्टेज पर चढ़ा और दूल्हा-दुल्हन के पीछे रखे गहने व नकदी से भरे बैग को उठा लिया। आरोपी ने बैग को हाथ में टंगी जैकेट के नीचे छिपाया और कुछ ही सेकेंड में वहां से निकल गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब परिजनों ने बैग संभालना चाहा तो वह गायब मिला।

शक होने पर परिजनों ने मैरिज गार्डन में हो रही वीडियोग्राफी की जांच की। फुटेज में एक युवक स्टेज पर चढ़कर बैग उठाते साफ दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने बताया कि बैग में करीब चार लाख रुपए कीमत के गहने और नकदी रखी हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।

Exit mobile version