Site icon www.khabredinraat.com

ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत एक दर्जन दुकानों पर छापामारी

जयपुर। मादक पदार्थ की रोकथाम के लिए पुलिस कमिश्नरेट के आदेश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत शहर के विभिन्न थानों की स्पेशल टीम और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक दुकानों पर छापेमारी कर ई-सिगरेट बरामद की है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अलग -अलग जगहों से 8 जगह पर ई-सिगरेट बरामद की है। स्पेशल टीमों ने ई-सिगरेट जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस को सौंप दिया।

स्पेशल कमिश्नर राहुल प्रकाश ने बताया कि पिछले कुछ समय से शिकायत मिल रहीं थी स्कूल ,कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र ई-सिगरेट का इस्तेमाल कर रहे है। शिकायत का सत्यापन करने के लिए सीएसटी के जवानों को सादा वर्दी में करीब एक दर्जन दुकानों की निगरानी में लगाया गया। इसके बाद सीएसटी और थानों की स्पेशल टीमों के सहयोग से एक साथ दबिश दी गई।

विभिन्न टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जवाहर सर्किल से दुकानदार मोहित को ई-सिगरेट बेचते हुए दबोचा। जिसके बाद से टीम ने 6 ई-सिगरेट बरामद की । उसने पुलिस को बताया कि वैशाली नगर का एक युवक सप्लाई देकर गया है। बजाज नगर व प्रताप नगर में दो व्यक्तियों को 2-2 ई-सिगरेट के साथ दबोचा। इसी तरह करणी विहार व चित्रकूट में दो जनों को 1-1 सिगरेट के साथ गिरफ्तार किया।

विधायकपुरी इलाके में दो जगह दबिश देकर दो आरोपियों को 35 ई-सिगरेट के साथ हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित दिल्ली से ई-सिगरेट लाकर जयपुर में बेचते था। मुहाना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 43 ई-सिगरेट व 16 रिफिल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित ने दिल्ली से ई-सिगरेट लाकर जयपुर में बेचना स्वीकार किया है।

Exit mobile version