Site icon www.khabredinraat.com

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार दो युवकों को कुचला

जयपुर। झोटवाड़ा थाना इलाके में सोमवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार दो युवकों को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। दुर्घटना सोमवार देर रात झोटवाड़ा के कांटा चौराहे पर हुई।

एक्सीडेंट थाना (पश्चिम) थानाधिकारी रामकृपाल ने बताया कि दोनों युवक स्कूटी से खाना खाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज गति की स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को गंभीर हालत में सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। वहीं हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो चालक स्कूटी को टक्कर मारते हुए नजर आ रहा है।

मृतकों की पहचान नीमकाथाना (सीकर) निवासी मोहित (23) पुत्र कमलेश और कुम्हेर (भरतपुर) निवासी वीरेंद्र (40) पुत्र बोधुराम के रूप में हुई है। दोनों पांच्यावाला सिरसी रोड स्थित किराए के मकान में रहते थे। मोहित छात्र था, जबकि वीरेंद्र अपोलो फार्मेसी कंपनी में कार्यरत था। पुलिस ने मामला दर्ज कर स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Exit mobile version