Site icon www.khabredinraat.com

तेज रफ्तार टैक्सी ने सब्जी विक्रेता को रौंदा

जयपुर। बजाज नगर थाना इलाके में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार टैक्सी कार ने सड़क किनारे खड़े सब्जी विक्रेता को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे में चार अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने टैक्सी चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी पूनम चौधरी ने बताया कि हादसे में मुहवा मंडावर निवासी महेश सैनी (50) की मृत्यु हो गई। वह बजाज नगर में किराए से रहकर महावीर नगर क्षेत्र में सड़क किनारे लोडिंग वाहन में सब्जी की दुकान लगाता था। गुरुवार को भी वह रोज की तरह दुकान लगाए हुए था।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब चार बजे गोपालपुरा की ओर से दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन की तरफ जा रही टैक्सी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे थी। तेज रफ्तार के कारण कार पहले सब्जी के लोडिंग वाहन से टकराई और फिर महेश सैनी को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महेश उछलकर दूर जा गिरा।

कार ने टक्कर के दौरान लोडिंग वाहन के अलावा पास खड़ी तीन बाइकों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही बजाज नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महेश को पुलिस वाहन से जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इस हादसे में टैक्सी चालक को कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने चालक जसवीर सिंह (28), निवासी गिरधारीपुरा वैशाली नगर को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

इसके अलावा टैक्सी में दो बुजुर्ग यात्री भी सवार थे। जिन्हें मामूली चोटें आईं। मध्य प्रदेश निवासी सवारियों ने पुलिस को बताया कि उनकी गुरुवार शाम ट्रेन थी और उन्होंने वैशाली नगर से दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के लिए टैक्सी बुक की थी। उन्होंने रास्ते में कई बार चालक को वाहन धीरे चलाने के लिए टोका, लेकिन चालक ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Exit mobile version