Site icon www.khabredinraat.com

सौ फीट गहरे कुएं में गिरे युवक को निकाला सुरक्षित

जयपुर। कानोता थाना इलाके में सौ फीट गहरे कुएं में शुक्रवार सुबह एक युवक गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस और सिविल डिफेंस टीम मौके पर पहुंची और फिर रेस्क्यू ऑपरेशन किया। टीम ने रस्सी से बांधकर कुएं में उतारी चारपाई से उसको सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए उसे एम्बुलेंस से सवाई मानसिंह अस्पताल भिजवाया।

एएसआई विजेन्द्र यादव ने बताया कि थाना इलाके में स्थित जयंती नगर निवासी कन्हैया लाल (32) कुएं में गिरा था, जो वह परिवार के साथ यहां रहकर मजदूरी करता है। शुक्रवार सुबह वह शराब के नशे में घर लौट रहा था। घर लौटते समय पड़ोसी के प्लाट में कुएं को भरवाने का काम चल रहा था। शराब के नशे में होने के कारण पैर फिसलने से वह कुएं में जा गिरा। 100 फीट गहरे कुएं में करीब 5 फीट पानी भरा हुआ था। वहां मौजूद लोगों ने पानी में कुछ गिरने की तेज आवाज सुनकर कुएं में देखा। कुएं में कन्हैया लाल गिरा हुआ दिखाई दिया।

कुएं में युवक के गिरने का पता चलने पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुएं भरवाने के दौरान उसमें लगी बिजली मोटर को बाहर निकाल लिया था। कुएं में मोटर का वायर लटका हुआ था। वायर को पकड़कर कन्हैया लाल ने पानी में डूबने से अपनी जान बचाई। पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची।

पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम को मौके पर बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत कर रस्सी से बांधकर कुएं में उतारी चारपाई पर बैठाकर कन्हैया लाल को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए उसे एम्बुलेंस से एसएमएस हॉस्पिटल भिजवाया।

Exit mobile version