Site icon www.khabredinraat.com

दिल्ली चुनाव में जनता द्वारा नकारे जाने के बाद कांग्रेस को फिर याद आए हिंदू: मदन राठौड़

Madan Rathore

Madan Rathore

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बांग्लादेश हिंसा पर किए गए ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा है कि दिल्ली चुनावों में करारी हार के बाद अब कांग्रेस नेताओं को एक बार फिर हिंदू याद आने लगे है। दिल्ली चुनावों में तुष्टीकरण के चलते धर्म विशेष को खुश करने के लिए इतने दिन किसी भी कांग्रेस नेता के मुंह से बांग्लादेश हिंसा पर एक शब्द नहीं निकला लेकिन दिल्ली चुनाव के नतीजे आने के बाद एक बार फिर कांग्रेस नेताओं ने छद्म हिंदुत्व का राग अलापना शुरू कर दिया है। सदैव तुष्टीकरण की बात करने वाले भी अब हिन्दू हितों की बात करने लगे हैं यह अच्छी बात हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि बांग्लादेश हिंसा को लेकर केन्द्र सरकार कूटनीतिक रूप से वहां की सरकार पर दबाव बना रही है। केन्द्र सरकार एवं विदेश मंत्रालय में समय समय पर बांग्लादेश के दूतावास एवं बांग्लादेश सरकार को हिन्दुओं पर हो रहे हमलों को रोकने का कड़ा संदेश दिया हैं साथ ही विदेश मंत्रालय पूर्ण स्थिति पर निगाह बनाए हुऐ है। केन्द्र सरकार के साथ ही भाजपा ऐसी अमानवीय घटनाओं की पूर्णतः रोकथाम के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

वही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व के अनेक लोकतांत्रिक देशों से बात कर उन देशों द्वारा भी बांग्लादेश पर यथोचित दबाव बनाने का निरन्तर प्रयास किया हैं। केंद्र सरकार के इन प्रयासों के कारण ही बांग्लादेश में निर्मम अमानवीय हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगा हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाजपा कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए पुजारियों के मानदेय बढोतरी के निर्णय को ऐतिहासिक बताया और कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ तुष्टीकरण किया था, एक ही धर्म को आगे बढ़ाने का कार्य किया। हम सभी धर्मों का सम्मान करते है। मंदिरों को कांग्रेस सरकार ने कोई सहयोग नहीं किया उल्टा मंदिरों पर टैक्स लगाए।

देवस्थान विभाग ने अंडरटेकिंग करने का काम किया है। सीएम भजनलाल ने पवित्र स्थल कुंभ में जाकर मंत्रिमंडल की बैठक की और पुजारियों का मानदेय बढाया। वहीं मंदिरों के विकास पर उन्होंने कहा कि मंदिर संस्कार व आध्यात्मिक शक्ति के स्थल है और मंदिर जाने के बाद आमजन में आत्मविश्वास का भाव जागृत होता है।

इस दौरान दिल्ली चुनावों के नतीजों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह सही है असत्य ज्यादा दिन नहीं चल सकता। अन्ना हजारे के आंदोलन से उपजी देशवासियों की भावनाओं को केजरीवाल ने हथियार बनाया और आम आदमी के नाम का सहारा लेकर दिल्ली की सत्ता हासिल की।

इसके बाद केजरीवाल और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी आकंठ भ्रष्टाचार में डूब गए थे। उनके ऐसे कारनामो को देखकर लगता है कि आम आदमी पार्टी का लंबा भविष्य नहीं है। दिल्ली चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि पीएम नरेंद्र मोदी ही स्वच्छ और भ्रष्टाचार मुक्त शासन दे सकते है। दिल्ली के बाद अब बिहार के चुनावों में भाजपा जीत का परचम लहराएगी।

Exit mobile version