Site icon www.khabredinraat.com

एरिया डोमिनेंस: जयपुर रेंज पुलिस में 48 घंटों में 1024 अपराधी गिरफ्तार

जयपुर । पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जयपुर रेंज पुलिस ने एरिया डोमिनेशन के तहत दो दिवसीय सघन अभियान चलाया। पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज एचजीआर सुहासा के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में हार्डकोर अपराधियों, गैंगस्टर्स और जघन्य अपराधों में वांछित चल रहे अपराधियों पर फोकस किया गया।

आईजी सुहासा ने बताया कि इस वृहद कार्रवाई में रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों को शामिल किया गया था। पुलिस ने 1 हजार 750 अधिकारियों और जवानों की कुल 425 टीमें गठित की, उन्होंने जयपुर संभाग के 1 हजार 120 स्थानों पर एक साथ दबिश दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं टीमों को ब्रीफ कर रवाना किया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी वांछित अपराधी बच न सके।

पुलिस की इस व्यापक रणनीति का परिणाम अत्यंत प्रभावशाली रहा। दो दिनों के भीतर, सभी जिलों से स्थाई वारंटी, इनामी अपराधी, आर्म्स एक्ट के आदतन अपराधी और सामान्य अपराधों में वांछित चल रहे कुल 1024 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसमें अकेले 454 व्यक्तियों को शांति भंग के तहत गिरफ्तार किया गया। जो पुलिस की सक्रिय उपस्थिति को दर्शाता है।

21 इनामी—हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार

जिला अलवर ने इस अभियान में सर्वाधिक अपराधी पकड़े। यहां कुल 221 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 07 ईनामी अपराधी और हिस्ट्रीशीटर शामिल थे। इसके बाद, जयपुर ग्रामीण जिले में 10 हजार के इनामी अपराधी शंकर लाल उर्फ राजेन्द्र बावरिया समेत 08 ईनामी अपराधी और हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार हुए। जो रेंज में किसी भी जिले से सबसे अधिक है।

जिला सीकर ने कुल 165 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया, जिसमें 10 हजार का इनामी अपराधी गजराज भवरिया भी शामिल था। इसी तरह जिला झुंझुनू में 10 हजार के ईनामी अपराधी विक्रम सिंह उर्फ सोनू राजपूत समेत 03 ईनामी/हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार किया गया, जिसकी कुल गिरफ्तारी संख्या 147 रही।

जिला भिवाड़ी से कुल 47 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें पांच हजार के इनामी अपराधी मुबारिक सहित 02 इनामी/हिस्ट्रीशीटर शामिल थे। दौसा (112), खैरथल-तिजारा (113) और कोटपूतली-बहरोड़ (90) में भी बड़ी संख्या में अपराधी पकड़े गए।

जघन्य अपराधों में वांछित आरोपी

इनामी अपराधियों के अलावा जघन्य और सामान्य अपराधों में वांछित कुल 115 आरोपियों को भी पकड़ा गया। अलवर ने सर्वाधिक 35 अपराधियों को पकड़ा, जबकि सीकर (30) और झुंझुनू (25) ने भी उल्लेखनीय योगदान दिया।

आईजी सुहासा ने कहा कि यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध साधनों से अर्जित अपराधियों की संपत्ति पर 107 बीएनएसएस के तहत कुर्की की कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस का लक्ष्य अपराधियों को न केवल सलाखों के पीछे भेजना है, बल्कि उनके आर्थिक आधार को भी ध्वस्त करना है।

Exit mobile version