Site icon www.khabredinraat.com

सहायक सांख्यिकी अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा पच्चीस अगस्त को

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से पच्चीस अगस्त को सहायक सांख्यिकी अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा-2024 (कृषि विभाग) का आयोजन होगा। भर्ती परीक्षा का आयोजन प्रातः 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक जयपुर शहर के 32 केन्द्रों पर होगा। जिसमें 8 हजार 848 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि परीक्षा के सुचारू एवं सफल संचालन के लिये कलेक्ट्रेट के कमरा नंबर 116 में एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। जिसका संचालन 23 अगस्त से 25 अगस्त तक किया जाएगा।

नियंत्रण कक्ष 23 अगस्त एवं 24 अगस्त को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक कार्य करेगा। वहीं 25 अगस्त को प्रातः 8 बजे से परीक्षा समाप्ति उपरान्त परीक्षा नियंत्रण कक्ष से संबंधित समस्त कार्य पूर्ण होने तक कार्य करेगा। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए 10 उपसमन्वकों एवं 5 उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। उक्त परीक्षा के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (पूर्व) सुमन पंवार को जिला समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि जयपुर स्थित परीक्षा केन्द्रों के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0141-2206699 रहेगा। उक्त नियंत्रण कक्ष पर जयपुर में स्थापित किये गए परीक्षा केंद्रों से संबंधित जानकारियां प्रदान की जाएगी एवं जयपुर स्थित परीक्षा केन्द्रों के संबंध में ही शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के आयोजन के लिए पुलिस, नगर निगम,यातायात पुलिस,शिक्षा विभाग,चिकित्सा विभाग, नागरिक सुरक्षा विभाग, विद्युत विभाग,रोडवेज, जेसीटीसीएल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई है।

Exit mobile version