Site icon www.khabredinraat.com

ऑनलाइन सट्टा की लत के चलते बीटेक के छात्र ने की आत्महत्या

जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में बीटेक के छात्र ने ऑनलाइन सट्टे की लत के चलते जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जिसके बाद मृतक के चाचा ने चार जनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है । पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच -पड़ताल शुरु कर दी है।

पुलिस ने बताया की जयसिंहपुरा स्थित नाई की थड़ी निवासी अशोक कुमार शर्मा ने मामला दर्ज कराया है कि उसके भतीजे अभिषेक उर्फ नवल शर्मा (18) ने गत दो जनवरी को सुबह करीब 10 बजे घर पर जहर खा लिया था। जिसके बाद अचानक से अभिषेक की तबीयत खराब हो गई। चक्कर खाकर जमीन पर गिरा तो परिजनों ने उसे संभाला।

परिजनों ने उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया। उसी दिन दोपहर करीब ढ़ाई बजे उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टर्स ने परिजनों को बताया की अभिषेक की मौत जहर खाने से हुई है। मेडिकल सूचना पर हॉस्पिटल पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया था।

व्हाट्सएप पर मिली चैट से हुआ मामले का खुलासा

गौरतलब है कि मृतक के चाचा अशोक कुमार ने मृतक नवल शर्मा के मोबाइल पर व्हाट्सएप चेक किया तो उसमें सागर बोहरा, मनमोहन मीणा, राजेश व राहुल राणा की चैट मिली। जिसमें आरोपी मृतक से ऑनलाइन सट्टे में हारे हुए पैसे मांग रहे थे। जिसके आधार पर मृतक के चाचा ने आरोपियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दबाव बनाकर अभिषेक से घर से गहने-नकदी और मकान डॉक्यूमेंट मंगवाकर हड़प लिए। भतीजे अभिषेक को जबरदस्ती झूठा ऑनलाइन सट्टा खिलवाया। रुपए देने का दबाव बनाकर डराना-धमकाना शुरू कर दिया।

रोज 2-3 हजार रुपए की लगाई पेनल्टी

सट्‌टा खिलाने वाले अवैध वसूली करने के लिए रोज 2-3 हजार रुपए की पेनेल्टी लगाकर वसूली करने के लिए पीड़ित अभिषेक पर दबाव बनाते रहे थे और उसे घर से उठा ले जाने की धमकी दे रहे थे। आरोप है कि बदमाशों ने दादा के नाम के प्लॉट के ओरिजनल डॉक्यूमेंट भी हड़प लिए । आरोपी रुपए और पेनेल्टी नहीं देने पर सट्टा खेलने की बात घरवालों को बताने के नाम से ब्लैकमेल कर रहे थे। चाचा का आरोप है कि आरोपियों ने अभिषेक से अब तक करीब 1.10 लाख रुपए नकद, कॉलेज फीस के 1.35 लाख रुपए और 6 लाख रुपए कीमत के जमीन डॉक्यूमेंट हड़पे हैं।

Exit mobile version