Site icon www.khabredinraat.com

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व भाजपा प्रदेशभर में आयोजित करेगी योग कार्यक्रम: सांसद दामोदर अग्रवाल

BJP will organize yoga programs across the state before International Yoga Day: MP Damodar Agrawal

BJP will organize yoga programs across the state before International Yoga Day: MP Damodar Agrawal

जयपुर। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर बताया कि देशभर में 21 जून को योग दिवस मनाया जाएगा। इससे पूर्व 19 और 20 जून को भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में योग कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश, संभाग, जिला, मंडल स्तर पर संगठनात्मक रूप से योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित करेगी।

इस दौरान भाजपा के सभी 44 जिलों के 1137 मंडलों में लगभग 1500 से अधिक योग के कार्यक्रम होंगे। भाजपा योग दिवस से पूर्व प्रदेश के नगर पालिका, नगर परिषद एवं नगर निगमों में एक से अधिक कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस दौरान कस्बा क्षेत्रों में महिलाओं के भी अलग से कार्यक्रम होंगे। कई स्थानों पर नवाचारों के साथ कार्यक्रम संपादित करने के प्रयास है। योग कार्यक्रम के साथ-साथ योग प्रशिक्षकों को सम्मानित भी किया जाएगा।

भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि योग दुनिया को भारत द्वारा दिए गए सबसे बड़े उपहारों में से एक है। योग शारीरिक व्यायाम से कहीं बढ़कर, जीवन जीने की एक शैली है, जो मानसिक स्पष्टता, भावनात्मक स्थिरता और आध्यात्मिक शांति प्रदान करता है। आज इसकी प्रासंगिकता खास तौर पर प्रबल है।

उन्होंने कहा कि ‘‘योगाभ्यास से एकात्मकता की भावना का सृजन होता है – मन, शरीर और बुद्धि की एकात्मकता, अपने परिवारों के साथ, जिस समाज में हम रहते हैं उसके साथ, साथी मनुष्यों के साथ, उन समस्त पक्षियों, पशुओं और वृक्षों, जिनके साथ हम अपने सुंदर ग्रह को साझा करते हैं, के साथ एकात्मकता… यही योग है।

भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है। यह दिन उत्तरी गोलार्ध में वर्ष का सबसे लम्बा दिन होता है और योग भी मनुष्य को दीर्घायु बनाता है। 11 दिसम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र के 177 सदस्यों द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली थी।

भारत के इस प्रस्ताव को 90 दिन के अन्दर पूर्ण बहुमत से पारित किया गया, जो किसी प्रस्तावित दिवस को संयुक्त राष्ट्र संघ में पारित करने के लिए सबसे कम समय है। योग भारत के ज्ञान को कुशल नेतृत्व के प्रयासों से स्वीकार्यता का गौरवपूर्ण अध्याय है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2015 में अपनी शुरुआत होने के बाद से ही दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य मुहिमों में शुमार हो गया है।

भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि योग 2015 के बाद से हर साल ऐतिहासिक मील का पत्‍थर स्‍थापित करता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2024 में व्‍यापक भागीदारी देखी गई थी। इसमें लगभग 24.53 करोड़ प्रतिभागियों ने शिरकत की। सामाजिक संस्थाओं, स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और सरकारी विभागों के माध्यम से आउटरीच को बढ़ाया गया। सोशल मीडिया के जरिए 3.48 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुँच बनाई गई।

जबकि भारतीय दूतावासों और संस्थानों ने वैश्विक स्तर पर 5.45 लाख से अधिक व्यक्तियों से संपर्क साधा गया। ये उपलब्धियाँ स्वास्थ्य और एकता के वैश्विक सेतु के रूप में योग की भूमिका को पुष्ट करती हैं। एक सर्वे में यह भी सामने आया कि 11.2 प्रतिशत लोग नियमित रूप से योग का अभ्यास करते हैं। 13.4 प्रतिशत लोग कभी-कभी योग करते हैं। 41 फीसदी लोग किसी ना किसी रूप से योग से जुड़े है।

Exit mobile version