जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत कालवाड़ थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) पश्चिम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर (पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) के तहत कालवाड़ थाना पुलिस और डीएसटी पश्चिम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रामला का बास से मंडा भोपावास रोड पर एक खान के पास दबिश देकर बाबूलाल ताखर (27) निवासी जोबनेर जिला जयपुर को गिरफ्तार किया गया है। जिसके पास से एक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह हथियार कहां से लाया था और इसका उपयोग किस वारदात में किया जाना था।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका
थानाधिकारी सुरेश सिंह और डीएसटी प्रभारी गणेश सैनी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में कांस्टेबल राकेश की आरोपित गिरफ्तार करने में अहम भूमिका रही। वहीं पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल मुकुट बिहारी, सुरेश मिठारवाल, सांवरमल जाखड़, सुरेश कुमार और भंवर लाल शामिल थे।

