Site icon www.khabredinraat.com

डीजी- आईजी कांफ्रेंस मामलाः कांफ्रेंस से जुड़े सभी लोगों की कोरोना जांच की जा रही

जयपुर। राजधानी जयपुर में आज से पुलिस महानिदेशक (डीजी)-पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कांफ्रेंस झालाना स्थित राजस्थान इन्फॉर्मेशन सेंटर में होने जा रही है। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,गृह मंत्री अमित शाह,राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित सुरक्षा एजेंसियों के उच्च अधिकारी और अन्य प्रदेशों के सभी पुलिस महानिदेशक (डीजी) मौजूद रहेंगे। जानकारी के अनुसार यह कांफ्रेंस उस समय हो रही है, जिस समय राजस्थान में कोरोना को लेकर अलर्ट है। ऐसे में चिकित्सा विभाग की ओर से इस कांफ्रेंस को लेकर सभी वीआईपी को लिस्टेड किया गया है। उनके घरों में मेडिकल टीमें भेज जा रही है और कांफ्रेंस से जुड़े सभी लोगों की कोरोना जांच की जा रही है।

जयपुर प्रथम सीएमएचओ डॉ विजय सिंह फौजदार ने बताया कि करीब पचास वीआईपी की पहली लिस्ट है। जिनके घरों पर मेडिकल टीमें भेजी गई है। इनकी आरटी पीसीआर जांच की गई है। अब तक कोई केस पॉजिटिव नहीं मिला है। फौजदार ने बताया कि छह मेडिकल टीमें बनाई गई है। चार टीमें वीआईपी के घरों पर कोविड टेस्ट कर रही है। एक टीम राजभवन में है, एक टीम राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में है।

जहां जाने वाले उन लोगों की तत्काल कोविड जांच की जा रही है। जिनकी कोविड टेस्टिंग नहीं हुई है। इसके अलावा एसएमएस में भी कोविड टेस्टिंग हो रहीं है। छह घंटे में कोरोना की जांच रिपोर्ट आ रही है। गौरतलब है कि राजस्थान में अभी 38 कोरोना पॉजिटिव केस है। इनमें सबसे ज्यादा कोरोना के मामले जयपुर में है। जयपुर में कोरोना के 24 पॉजिटिव केस है।

Exit mobile version