जयपुर। शास्त्री नगर थाना इलाके के राजस्थान पुलिस एकेडमी (आरपीए) स्थित सरकारी क्वार्टर में महिला पुलिस कांस्टेबल पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बदमाश ने महिला कांस्टेबल के गले पर धारदार हथियार (चाकू) से वार किया। जिससे उसके गले पर कट लगने से आठ टांके आए है। इस संबंध में महिला पुलिस कांस्टेबल की ओर से थाने में ममला दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर फरार आरोपी की तलाश कर रहीं है।
जांच अधिकारी एसआई मुकेश ने बताया निर्भया स्क्वॉयड में तैनात महिला पुलिस कांस्टेबल कृष्णा बुधवार रात क्वार्टर में पति और बच्चों के साथ सो रही थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाश क्वार्टर में घुसा। बदमाश के घुसने पर वह जाग गई। शोर किया तो बदमाश ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसके गले पर गहरा घाव हो गया। इसके बाद कांस्टेबल ने जब बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भाग गया। बदमाश ने जाते समय बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। ताकी उसका पीछा नहीं किया जा सके।
इसके बाद पीड़िता ने अपने पति को जगाया। इसके बाद महिला कांस्टेबल ने शोर मचाकर आसपास में रह रहे पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाकर गेट खुलवाया। इसके बाद महिला पुलिस कांस्टेबल को कांवटिया अस्पताल लाया गया। वहां उसे एसमएस अस्पताल रैफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज किया गया। महिला पुलिस कांस्टेबल के गले पर आठ टांके आए। अस्पताल से इलाज कराने के बाद महिला थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अलग-अलग टीम बनाकर जांच की जा रही है। साथ ही आरपीए के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।