जयपुर। राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह अस्पताल में रविवार दोपहर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी मरीज, परिजन या स्टाफ को कोई नुकसान नहीं हुआ।
अस्पताल के इमरजेंसी भवन में बिजली के एक स्विच बोर्ड में अचानक चिंगारी भड़कने से आग लग गई। आग ने पास में रखे कुछ दस्तावेजों और उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे परिसर में धुआं फैल गया।
सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगना सामने आया है।
हालांकि, विस्तृत जांच जारी है। वहीं कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. राशिम कटारिया ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया। इसमें जनरल सर्जरी की एचओडी डॉ. प्रभा ओम, सीनियर प्लास्टिक सर्जन डॉ. आर.के. जैन और हॉस्पिटल में मौजूद इलेक्टि्रक के इंजीनियर को शामिल किया है, जो इस पूरे प्रकरण की जांच करके अधीक्षक को रिपोर्ट करेंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में एसएमएस के ट्रॉमा सेंटर में आग लगने से कई मरीजों की मौत हो गई थी। इस बार समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया और अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली।

