जयपुर। चित्रकूट थाना इलाके में सोमवार को बैटरी स्कूटी के शोरुम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन आग पर काबू पाने से पहले तीन इलेक्ट्रिक स्कूटी और बैटरियां आग की भेंट चढ़ गई।
पुलिस ने बताया कि थाना इलाके में स्थित मॉल ऑफ जयपुर के समीप इलेक्ट्रिक स्कूटी के शोरुम में सोमवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर थानाधिकारी प्रभु सिंह मय जाप्ता मौके पर पहुंचे । पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंची तीन दमकल विभाग की गाड़ियों ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया।
इस आगजनी में तीन इलैक्ट्रिक स्कूटी और कुछ बैटरियों समेंत शोरुम का फर्नीचर आग की भेंट चढ़ गया। गनीमत रहीं हादसे के बाद शोरुम कर्मचारियों ने अपनी सूझबुझ का परिचय देते हुए 15 अन्य स्कूटियों को समय रहते बाहर निकाल लिया। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच करने में जुटी है।

