जयपुर। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान खाद्य सुरक्षा एवं और स्वास्थ्य टीम टीम ने गुरुवार को मुहाना मंडी स्थित मैसर्स श्री श्याम फूड इंडस्ट्री पर कार्यवाही कर मिलावट के संदेह पर एक हजार किलो सॉस सीज किया। सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया कि इस फैक्ट्री से उत्पादित श्री श्याम ब्रांड सॉस का नमूना जांच रिपोर्ट में अनसेफ पाया गया था।
जिस पर रिकॉल और रिसेंपलिंग के निर्देश पर टीम इस फैक्ट्री पर पहुंची। मौके पर टीम द्वारा स्नैक्स सॉस और रेड चिली सॉस के नमूने लेकर शेष एक हजार किलो सॉस में कलर मिला होने एवं अन्य कोई मिलावट होने का संदेह होने पर जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक सीज किया गया।
मौके पर फैक्ट्री में विभिन्न प्रकार के फ्लेवर,सॉस,आचार आदि लगभग 150 किलो एस्पायर पाए गए। जिन्हें मौके पर नष्ट करवाया गया। फैक्ट्री में बहुत गंदगी पाई गई,फूड हैंडलर्स का मेडिकल फिटनेस,पानी की जांच रिपोर्ट,पेस्ट कंट्रोल नहीं करवाया गया था।
जिसके लिए फर्म के प्रोपराइटर सुनील पारीक को उक्त कमियां दुरुस्त करने के लिए पाबंद किया गया एवं फर्म को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत नोटिस जारी किया जाएगा। इस कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी एवं राजेश नागर एवं प्रोबेशनरी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम शामिल रही।

