Site icon www.khabredinraat.com

गायत्री शक्तिपीठ में गूंजी गुरू गीता की ऋचाएं, भक्ति में डूबे शिष्य

Gayatri family will take out obscenity prevention rally and give the message of creating a civilized society.

Gayatri family will take out obscenity prevention rally and give the message of creating a civilized society.

जयपुर। गुरू और शिष्य के आध्यात्मिक संबंध का महापर्व गुरू पूर्णिमा आषाढ़ पूर्णिमा रविवार को श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाएगा। छोटीकाशी के शिष्य अपने गुरू चरण में शीश नवाकर आशीर्वाद लेंगे। मठ-मंदिर और आश्रमों रविवार को गुरु वंदना से गूंजायमान रहेंगे।

इसी कड़ी में गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में मनाए जा रहे तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अंतर्गत दूसरे दिन शनिवार को दोपहर दो से शाम चार बजे तक शक्तिपीठ के ऑडिटोरियम में संगीतमय गुरु गीता के पाठ हुए। तीनों गायत्री शक्तिपीठों, सभी गायत्री चेतना केन्द्रों और प्रज्ञा मंडलों के परिजनों ने गुरुसत्ता के संरक्षण में गुरू गीता का सामूहिक पाठ किया। डॉ. अजय भारद्वाज, गायत्री प्रसाद, दिनेश आचार्य और दिनेश मराठा ने गुरू महिमा गुणगान किया।

शक्तिपीठ के व्यवस्थापक सोहन लाल शर्मा ने बताया कि गुरु पूर्णिमा रविवार, 21 जुलाई को मनाया जाएगा। सुबह आठ से ग्यारह बजे तक नौ कुंडीय महायज्ञ होगा। इस मौके पर समाधि स्थल सजल श्रद्धा और प्रखर प्रज्ञा पर गुरु चरण पादुका पूजन किया जाएगा। नए साधकों को गुरू दीक्षा दी जाएगी। यज्ञोपवीत, पुसंवन, नामकरण सहित अन्य संस्कार भी कराए जाएंगे।

वेदना निवारण केन्द्र में हुआ सामूहिक जप:

अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में मानसरोवर स्थित श्री वेदमाता गायत्री वेदना निवारण केंद्र में गुरु-शिष्य परंपरा का अनुशासन पर्व गुरू पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाएगा। केन्द्र के व्यवस्थापक आर डी गुप्ता ने बताया कि शनिवार को सुबह छह से शाम साढ़े पांच बजे तक अखंड जप हुआ। 172 साधकों ने 247000 गायत्री मंत्र का जप किया।

इसके बाद दीपयज्ञ हुआ। प्रज्जवलित दीपकों में श्रद्धा के अटूट अक्षत से विश्व कल्याण की कामना के साथ यज्ञ देवता को आहुतियां प्रदान की गईं। रविवार, 21 जुलाई को सुबह नौ बजे से गुरु पूजन, नौ कुंडीय यज्ञ, गुरु दीक्षा एवं अन्य संस्कार होंगे। भारत को विश्व गुरु बनाने की कामना के साथ विशेष आहुतियां अर्पित की जाएंगी।

यहां भी गुंजेंगी गुरु महिमा:

गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ में रविवार, 21 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। मुख्य ट्रस्टी धर्मसिंह राजावत ने बताया कि सुबह 6 से 8:30 जप अनुष्ठान होगा। इसके बाद 8:30 से 11:30 बजे पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव होगा। 11:30 से एक बजे तक 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के संदर्भ में गोष्ठी होगी।

गायत्री शक्तिपीठ वाटिका में गुरु पूर्णिमा रविवार, 21 जुलाई को सुबह पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा। नए साधकों को गुरू मंत्र की दीक्षा दी जाएगी। गायत्री चेतना केन्द्र जनता कॉलोनी, दुर्गापुरा, वैशालीनगर, मुरलीपुरा, गांधीनगर, प्रतापनगर, मालवीयनगर में भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव भक्तिभाव से मनाया जाएगा।

Exit mobile version