Site icon www.khabredinraat.com

पूर्णिमा पर 124 स्थानों पर हुआ हवन, विकसित भारत के लिए दी आहुतियां

जयपुर। विकसित और सशक्त राष्ट्र निर्माण के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से मंगलवार को राजधानी में विशिष्ट आध्यात्मिक प्रयोग किया गया। सुबह ठीक साढ़े सात से साढ़े आठ बजे तक गायत्री यज्ञ कर आहुतियां दी गई। 108 के लक्ष्य के विपरीत 124 लोग यज्ञ से ऑनलाइन जुड़े। शक्तिपीठों और प्रज्ञापीठों में पांच कुंडीय हवन भी हुए। यज्ञ का संचालन करते हुए गायत्री परिवार जयपुर उप जोन के समन्वयक सुशील कुमार शर्मा ने कहा कि संचार की आधुनिक तकनीकों का आध्यात्मिक कार्यों में उपयोग किया जाए तो समय और संसाधन दोनों की बचत होती है।

श्रद्धालु जूम एप और यू ट्यूब के माध्यम से यज्ञ से जुड़े। यज्ञ का संचालन गायत्री चेतना केन्द्र दुर्गापुरा से किया गया। शांतिकुंज हरिद्वार से राजस्थान के प्रभारी जयसिंह यादव, आओ गढ़े संस्कारवान पीढ़ी से जुड़ी शालिनी वैष्णव सहित अन्य विशिष्ट कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन भी मिला। गायत्री परिवार राजस्थान के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने बुद्ध पूर्णिमा पर 1008 कुंडीय ऑनलाइन यज्ञ का संकल्प करवाया। इस मौके पर सांगानेर के आदर्श विद्या मंदिर में भी यज्ञ किया गया। गायत्री चेतना केन्द्र सांगानेर की टोली ने यज्ञ संपन्न करवाया।

Exit mobile version