Site icon www.khabredinraat.com

होली जश्नः जयपुर की सड़कों पर लोग चंग की थाप पर डांस करते नजर आए

जयपुर। राजधानी जयपुर में सोमवार को रंगोत्सव का त्यौहार होली का जश्न मनाया गया। होली का उल्लास सड़कों से लेकर मंदिरों तक साफ तौर पर देखा गया। जहां जयपुर की सड़कों पर लोग चंग की थाप पर डांस करते नजर आए तो वहीं विदेशी मेहमान भी जमकर गुलाल उड़ाते दिखे। सोमवार सवेरे से ही युवाओं और बच्चों की टोलियां घरों से बाहर निकल पड़ी और एक दूसरे को लाल,पीले,नीले रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।

हर कोई होली के रंग में ऐसा रंगा नजर आया कि चारों ओर उल्लास और आनंद देखने को मिला। कोई पुपाड़ी बजा रहा था तो कोई लाल हरे रंग एक दूसरे को लगा रहा था। वहीं कई जगहों पर लोग फागुन के गीतों पर थिरकते नजर आए तो कई जगहों पर पारंपरिक फाग उत्सव भी मनाया गया। शहर में कई संस्थाओं की ओर से भी होली मना कर होली की बधाई दी गई।

राजधानी में होली गीतों की धूम रही

शहर में होली गीतों की धूम रही। सुबह से ही डीजे पर रंग बरसे भीगे चुनरवाली रंग बरसे, होली के दिन दिल मिल जाते हैं, रंगों में रंग खिल जाते हैं, होली खेले रघुवीरा अवध में होली खेलत रघुवीरा जैसे गीतों की धुन पर जगह-जगह बच्चे युवा थिरकते हुए नजर आए। घरों में होली का मुख्य पकवान गुजिया के साथ तरह-तरह के व्यंजन पकाए गए। इन्हीं व्यंजनों से होली पर मिलने आए लोगों का स्वागत किया गया।

Exit mobile version