जयपुर। चंद्रयान की सफलता के बाद अब सूर्ययान की सफलता, नारी सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता के लिए विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वाधान में गृहे गृहे गायत्री यज्ञ श्रृंखला के अंतर्गत रविवार को मानसरोवर में 121 स्थान पर एक ही समय गायत्री महायज्ञ का आयोजन कर एक रिकॉर्ड बनाया गया।
मानसरोवर के 5 सेक्टर के 50, 51, 52, 53, 54, 55 और 56 जोन के 121 स्थानों पर प्राणी मात्र के कल्याण के लिए महायज्ञ में आहुतियां अर्पित की गई ।इससे पूर्व सरयु मार्ग स्थित सद्गुरु टेऊंराम पार्क से जन जागरण रैली निकाली गई। इसमें करीब 700 महिलाओं पुरुषों ने भाग लिया। मानव मात्र एक समान, नर और नारी एक समान, एक पिता की सब संतान , गंदे चित्र लगाओ मत नारी को लजाओ मत जैसे जोशीले नारे लगाते हुए पीत वस्त्र धारी गायत्री परिजन जिधर से भी गुजरे स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
सभी लोग हाथों में नशा मुक्ति व्यसन मुक्ति , कुरिति उन्मूलन नारे लिखी तख्तियां और पीला झंडा हुए चल रहे थे। स्थानीय लोगों, व्यापार मंडलों की ओर से जन जागरण रैली के स्वागत में स्वागत द्वार और रंगोली बनाई गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बड़ी संख्या में स्वयंसेवक भी जन जागृति रैली में शामिल हुए।