जयपुर। विद्याधर नगर क्षेत्र में मंगलवार को गौहत्या के विरोध में सैकड़ों युवाओं ने पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया और राज्य सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने किया।
मार्च में आयोजन से जुड़े सुमित शर्मा, चतर सिंह, प्रदीप तिवारी, विजय मीणा, नरेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में हाल ही में सामने आए एक कथित गौहत्या प्रकरण को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से इस प्रकरण में स्पष्ट जवाब देने की मांग की। साथ ही एक विधायक पर भी आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने नारेबाजी की और कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। खाचरियावास ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर विधानसभा घेराव और अन्य चरणबद्ध आंदोलन किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण कानूनों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए और किसी भी दोषी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन की ओर से मामले में जांच जारी होने की जानकारी दी गई है।

