जयपुर। प्रतापगढ़ जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत देवगढ़ थाना पुलिस ने नशे के सौदागरों पर प्रहार करते हुए एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार की गुप्त जगह में छिपाकर ले जाई जा रही 773 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 54 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
एसपी आदित्य ने बताया कि शुक्रवार को थानाधिकारी नगजीराम के नेतृत्व में पुलिस टीम प्रतापगढ़ मार्ग पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने इशारा कर कार को रुकवाया तो अंदर बैठे लोग घबराहट में एक-दूसरे को देखने लगे। संदेह होने पर जब कार की गहन तलाशी ली गई तो पुलिस टीम दंग रह गई।
तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए गियर बॉक्स के नीचे एक विशेष गुप्त केबिन बना रखी थी। पुलिस ने जब इसे खोला तो वहां प्लास्टिक की दो थैलियों में ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कोटड़ी निवासी दो अभियुक्तों राधेश्याम उर्फ राजू नाई (38) और कारू लाल गायरी (45) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि यह नशे की खेप उन्हें आमीर खान उर्फ दुल्हा भाई निवासी अरनोद हाल कोटड़ी ने अपने निर्माणाधीन मकान के बाहर अपनी क्रेटा कार से निकाल कर दी थी। इस खेप को उदयपुर के पास हाईवे पर किसी अज्ञात व्यक्ति को डिलीवर करना था।
पुलिस अब मुख्य सप्लायर आमिर खान की तलाश में जुट गई है। इस सफल ऑपरेशन में थानाधिकारी नगजीराम के साथ एएसआई मनोहर लाल और हेड कांस्टेबल बापूलाल की विशेष भूमिका रही। टीम में कांस्टेबल गोम सिंह, प्रताप सिंह, अनुज और ड्राइवर कांस्टेबल नन्दू राज सिंह भी शामिल रहे।

