जयपुर। हरमाड़ा थाना इलाके में शादी समारोह के दौरान अज्ञात नकबजन लाखों रुपयो के गहने व नकदी भरा बैग चोरी कर फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित तुरंत थाने पहुंचा और अज्ञात नकबजन के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस के मुताबिक लुधियाना निवासी व्यक्ति अपनी बेटी की शादी के लिए परिवार और रिश्तेदारों के साथ जयपुर आए थे। समारोह थाना इलाके में स्थित ‘दा ओएसिस रिसोर्ट’ में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान पीड़ित ने अपना बैग पास की एक कुर्सी पर रख दिया। कुछ ही देर में बैग गायब हो गया। काफी तलाश करने के बावजूद बैग नहीं मिला, तो रिसोर्ट के कैमरों की जांच की गई।
जिसमें अज्ञात नाबालिग लड़का बैग को कंधे पर लटकाकर कोट के नीचे छिपाते हुए तेजी से रिसोर्ट के बाहर जाता हुआ दिखाई दिया। पीड़ित ने बताया कि बैग में कीमती गहने और लगभग 3 लाख रुपए नकद थे। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।
दिनदहाड़े थाने से कुछ दूर से स्कूटी चोरी
राजधानी जयपुर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें अब पुलिस का भी कोई खौफ नहीं रहा। इसका ताजा उदाहरण राजधानी जयपुर के अशोक नगर थाना इलाके के हिरण वाला बाग के पास स्थित युधिष्ठिर मार्ग सी स्कीम में देखने को मिला। यहां एक चोर ने पुलिस स्टेशन से महज कुछ दूरी युधिष्ठिर मार्ग स्थित आस्था स्क्वायर के पास बाहर खडी होंडा एक्टीवा स्कूटी चोरी कर ली। जिसकी जानकारी स्कूटी मालिक ने नजदीकी अशोक नगर थाना पुलिस को दी है।
जानकारी के अनुसार मामला शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 4 बजे का है। चोर इतने शातिर थे के आसानी से इस दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस स्टेशन के इतने करीब हुई इस वारदात से इलाके में नाराजगी है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोग अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस से चोरों को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

