जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने राजस्थान विश्वविद्यालय में शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किये जाने की कड़े शब्दों ने निन्दा करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थान को राजनीति का केन्द्र बनाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर का राजनीतिकरण करने के उद्देश्य से आरएसएस द्वारा राजस्थान विश्वविद्यालय में शस्त्र पूजा का कार्यक्रम रखा गया जो कि अनुचित था। इस कार्यक्रम की अनुमति प्रदान करने के विरोध में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा था जिन पर पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया गया जो कि विद्यार्थियों की भावनाओं को आहत करने के साथ ही लोकतंत्र में आवाज दबाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में आरएसएस के कार्यकर्ताओं द्वारा भी एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं से मारपीट की गई जो कि दर्शाता है कि प्रदेश में कानून का इकबाल खत्म हो गया है।

