Site icon www.khabredinraat.com

माली-मैदला गैंग के सदस्य स्पा सेंटरों से मांग रहे रंगदारी

जयपुर। बजाज नगर थाना इलाके में माली-मैदला गैंग के सदस्य स्पा सेंटर पर रंगदारी मांगने पहुंचे। लेकिन इसकी भकन पुलिस को लग गई। जैसे ही पुलिस आरोपियों को दबोचने के लिए पहुंची तो गैंग के सदस्य पॉश कॉलोनी में 100 की रफ्तार से बोलेरो कार चला कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की बोलेरा कार का पीछा भी किया । लेकिन गैंग के सदस्य त्रिवेणी नगर, कीर्ति नगर, बरकत नगर और अर्जुन नगर की संकरी गलियों से होकर भागे। गनीमत रही कि तेज रफ्तार के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस की नाकाबंदी में पकड़े जाने के डर से आरोपी अर्जुन नगर रेलवे लाइन के पास बोलेरो कार छोड़कर अंधेरे और नाले का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने हरियाणा नंबर की बोलेरो जब्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में वाहन में आरव चौधरी, टीटी चौधरी और अंकित यदुवंशी उर्फ बाली के मौजूद होने की जानकारी सामने आई है।

गौरतलब है कि माली-मैदला गैंग ने मालवीय नगर, लाल कोठी, ज्योति नगर और गांधी नगर क्षेत्रों के स्पा सेंटरों और होटलों को भी निशाना बनाया है, जहां रंगदारी नहीं मिलती, वहां तोड़फोड़ और मारपीट कर दहशत फैलाने की रणनीति अपनाई जा रही है।

बताया जा रहा है कि यही गैंग पहले प्रताप नगर इलाके में एक होटल के बाउंसरों पर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश कर चुका है। उस मामले में जेल जाने के डर से आरोपियों ने समझौता कर कोर्ट में माफी मांग ली थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Exit mobile version