Site icon www.khabredinraat.com

मदद के बहाने एटीएम बदलकर युवक के खाते से निकाले तीन लाख रुपए से ज्यादा

जयपुर। मुरलीपुरा थाना इलाके में मदद के बहाने बदमाश ने युवक का एटीएम कार्ड बदलकर उससे 315644 रुपए निकाल लिए। ठगी का पता पीड़ित को बैंक जाने पर लगा। इस पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आर्य नगर विस्तार निवासी मनोज शर्मा ने मामला दर्ज करवाया कि वह 8 फरवरी को आर के फर्नीचर के पास स्थित एटीएम पर रुपए निकालने गया था। एटीएम से रुपए नहीं निकलने पर एक युवक ने उसकी मदद की थी और मदद के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। उसे ठगी का पता 13 मार्च को लगा जब उसे बैंक जाने पर खाते से रुपए निकाले जाने की जानकारी मिली।

पीडित के खाते से कई बार में 315644 रुपए निकाल लिए गए। बदमाश उसे बैंक ऑफ महाराष्ट्र का एटीएम थमा गया। इस मामले में पुलिस एटीएम की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाश की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके। इसके अलावा पुलिस बैंक से निकाले गए रुपयों के ट्रांसफर की भी जानकारी जुटा रही है।

गोदाम का ताला तोड़कर ईवी स्कूटी और अन्य सामान चोरी

जालूपुरा थाना इलाके में गोदाम का ताला तोड़कर चोर ईवी स्कूटी और उसके पार्टस चोरी कर ले गए। पुलिस के अनुसार सेठी कॉलोनी आदर्श नगर निवासी राजीव दीवान ने मामला दर्ज करवाया कि वह ईवी स्कूटी की एजेंसी लेकर काम करता है। उसने जालूपुरा में बड़ी मस्जिद केबाद गोदाम बना रखा है। चोर इस गोदाम का ताला तोड़कर अंदर घुसे और ईवी स्कूटी और उसके कई पार्टस चोरी कर ले गए। घटना 11 मार्च की बताई जा रही है। चोरी का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version