जयपुर। एनएसयूआई राजस्थान ने शुक्रवार को जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर भारत-अमेरिका ट्रेड डील और कथित एपस्टीन फाइल्स के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ सांकेतिक प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और काले गुब्बारे उड़ाकर दिन को ‘काला दिन’ बताया।
प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में निर्णय ले रहे हैं, जिससे छोटे व्यापारी, किसान और मजदूर प्रभावित होंगे। उन्होंने आशंका जताई कि यदि अमेरिकी उत्पादों को शून्य टैरिफ पर प्रवेश मिला तो भारतीय बाजार में प्रतिस्पर्धा कठिन हो जाएगी।
जाखड़ ने कहा कि संसद में ट्रेड डील की शर्तें सार्वजनिक की जाए और इस पर विस्तृत चर्चा हो। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का अवसर नहीं दिया जा रहा।
प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित यादव ने कहा कि युवाओं को देश की संप्रभुता से जुड़े मुद्दों पर सजग रहना चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि जब तक समझौतों की शर्तें सार्वजनिक नहीं होंगी, विरोध जारी रहेगा।

