Site icon www.khabredinraat.com

पुष्य नक्षत्र पर गणेश मंदिरों में भगवान गजानन का पंचामृत अभिषेक

जयपुर। राजधानी जयपुर में मंगल पुष्य नक्षत्र पर शहरभर के गणेश मंदिरों में प्रथम पूज्य भगवान गजानन का पंचामृत अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण करवाई गई। इस मौके पर गणेशजी का मनमोहक श्रृंगार किया गया। मोदक भोग अर्पित कर भक्तों को प्रसाद व रक्षा सूत्र बांटे गए। इसके बाद गणेशजी को फूल बंगले में विराजमान किया गया।

चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में 101 लीटर दूध से किया अभिषेक

चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में पं. राहुल शर्मा के सान्निध्य में गणेश जी का 101 लीटर दूध से दुग्धाभिषेक किया गया। युवाचार्य पंडित अमित शर्मा ने बताया कि नवीन पोशाक धारण कराकर फूल बंगला झांकी सजाई गई। गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ कर गणेश सहस्त्रनामावली से प्रथम पूज्य को 108 मोदक अर्पित किए गए।

श्वेत सिद्धि विनायक गणेश मंदिर में मूंग के लड्डुओं का लगाया भोग

सूरजपोल बाजार स्थित श्वेत सिद्धि विनायक गणेश जी मंदिर में गणेशजी का वेद मंत्रों के बीच दुग्धाभिषेक किया गया। महंत मोहनलाल शर्मा के सान्निध्य में महालक्ष्मी की प्राप्ति के लिए हवन किया गया। इसके बाद मूंग के लड्डुओं का भोग लगाकर भक्तों को प्रसाद बांटा गया। ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित दाहिनी सूंड वाले नहर के गणेशजी मंदिर में महंत पं जय शर्मा के सान्निध्य में श्री गणपति अथर्वशीर्ष और श्री गणपति अष्टोत्तरशत नामावली से गणेश जी का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद नवीन पोशाक धारण करवाकर शृंगार किया गया। वहीं मोती डूंगरी गणेश मंदिर में महंत कैलाश शर्मा के सान्निध्य में भगवान गजानन का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान को नवीन पोशाक धारण करवाकर मोदक अर्पित किए गए।

Exit mobile version