Site icon www.khabredinraat.com

पेपर लीक मामले में फिजियोथेरेपिस्ट और परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थी बैठाने के मामले में दो लेक्चरर गिरफ्तार

Physiotherapist arrested in paper leak case

Physiotherapist arrested in paper leak case

जयपुर। पेपर लीक की घटनाओं की रोकथाम की दिशा में गठित एसआईटी के निर्देशन में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने स्कूल व्याख्याता प्रतियोगिता परीक्षा 2022 में डमी कैंडिडेट बैठाने के मामले में दो राजकीय व्याख्याता को तो आरएएस प्री परीक्षा 2014 पेपर लीक प्रकरण में लंबे समय से वांछित एक गवर्नमेंट फिजियोथैरेपिस्ट को गिरफ्तार किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं एवं पेपर लीक की घटनाओं की रोकथाम के लिए गठित एसआईटी के प्रमुख वी के सिंह ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से 17 अक्टूबर 2022 को स्कूल व्याख्याता (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगिता परीक्षा 2022 आयोजित कराई गई थी। इस दौरान थाना सिविल लाइन अजमेर में दर्ज प्रकरण में अनुसंधान के दौरान एसओजी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साविधर जसवंतपुरा जालोर में राजनीति विज्ञान के व्याख्याता पद पर कार्यरत अभियुक्त अशोक कुमार को गिरफ्तार किया था।

एडीजी सिंह ने बताया कि अशोक कुमार ने इस परीक्षा में लाखाराम पुत्र जूथा राम निवासी रुचियार थाना भीनमाल जिला जालौर के स्थान पर महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय जालोरी गेट जोधपुर में सामान्य ज्ञान एवं राजनीति विज्ञान विषय की डमी कैंडिडेट के रूप में परीक्षा दी थी। इसी प्रकरण में गुरुवार को अर्जुन कुमार (37) निवासी डूगरवा थाना बागोड़ा जिला जालौर को गिरफ्तार किया गया है।

अर्जुन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भागल सेफटा तहसील भीनमाल जिला जालौर में राजनीति विज्ञान विषय के व्याख्याता के पद पर है। इसने परीक्षार्थी लाखाराम और डमी कैंडिडेट अशोक कुमार के बीच कड़ी के रूप में कार्य किया था।

उन्होंने बताया कि आरएएस प्री परीक्षा 2014 पेपर लीक प्रकरण में थाना एसओजी पर दर्ज प्रकरण में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी कपिल कुमार भारद्वाज (36) निवासी मोहन नगर थाना नई मंडी हिंडौन सिटी जिला गंगापुर को एसओजी ने हिरासत में लिया है। कपिल वर्तमान में महुवा हॉस्पिटल में फिजियोथेरेपिस्ट के पद पर पदस्थापित है।

Exit mobile version