जयपुर। पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2023 के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और माप तौल परीक्षा (पीईटी-पीएसटी) आदर्श आचार संहिता के चलते स्थगित कर दी गई है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने आदेश जारी किए हैं।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) सचिन मित्तल ने बताया कि पुलिस मुख्यालय की विज्ञप्ति 4 अक्टूबर 2023 के द्वारा पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2023 के 3578 पदों की भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता व माप तौल परीक्षा का आयोजन 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2023 तक किया जाना सुनिश्चित किया गया था।
एडीजी मित्तल ने बताया कि विधानसभा आम चुनाव 2023 के कारण प्रभावी आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने तक के लिए स्थगित किया गया है। चुनाव उपरांत परीक्षा की नई तिथियों के संबंध में अभ्यर्थियों को अवगत कराया जाएगा।