राजस्थान दिवस पर सप्ताह भर रहेगा उत्सव: 14 से 19 मार्च तक प्रदेशभर में कार्यक्रम

0
37

जयपुर। इस वर्ष राजस्थान दिवस का मुख्य समारोह 30 मार्च के बजाय 19 मार्च को मनाया जाएगा। राज्य सरकार ने हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय लिया है। इस बार मुख्य राज्य स्तरीय समारोह जालोर में आयोजित होगा। जहां लाभार्थी सम्मेलन के साथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया जाएगा और उनके खातों में राशि भी ट्रांसफर की जाएगी।

राजस्थान दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशभर के सरकारी मंदिरों में विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा। जिसमें मुख्यमंत्री सहित मंत्री भाग लेंगे। राज्य सरकार ने राजस्थान दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की है। इन कार्यक्रमों की शुरुआत 14 मार्च से होगी और 19 मार्च तक सात दिनों तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जानकारी के अनुसार राजस्थान दिवस समारोह की शुरुआत 14 मार्च को सात दिवसीय स्वच्छता सप्ताह के साथ होगी। इस दौरान जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम तथा सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं 15 मार्च को जयपुर में राज्य स्तरीय विकसित राजस्थान रन का आयोजन किया जाएगा, जिसका फ्लैग ऑफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। इसी दिन सभी जिलों में भी विकसित राजस्थान रन आयोजित होगा।

इसके साथ ही 15 मार्च को दिल्ली के बीकानेर हाउस में पांच दिवसीय राजस्थान दिवस समारोह की शुरुआत होगी। इसी दिन ‘राजस्थान को जानें’ नाम से डिजिटल क्विज की भी शुरुआत की जाएगी। जयपुर में ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) मेला और प्रदर्शनी का राज्य स्तरीय शुभारंभ भी होगा। प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में निबंध, भाषण और ड्रॉइंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी, ताकि युवाओं में राजस्थान के इतिहास, संस्कृति और विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

16 मार्च को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम में राजस्थान जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विकास कार्यों का शिलान्यास, जनजातीय कला और हस्तशिल्प प्रदर्शनी तथा संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे।

17 मार्च को जयपुर में राजस्थान युवा शक्ति दिवस के तहत राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम होंगे और निजी क्षेत्र में चयनित युवाओं को रोजगार पत्र भी वितरित किए जाएंगे। और 18 मार्च को किसान और पशुपालक समृद्धि दिवस मनाया जाएगा। इस दिन मुख्यमंत्री और मंत्री किसानों तथा पशुपालकों से संवाद करेंगे। साथ ही कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here