Site icon www.khabredinraat.com

रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव: बाईस जनवरी को घर-घर, मंदिर-मंदिर होंगे जगमग दीप

जयपुर। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर राजधानी जयपुर में तैयारियां तेज हो गई है। शहर में बाईस जनवरी को महा दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत घर-घर, मंदिर-मंदिर दीपक जलाए जाएंगे। वहीं बाजार भी दीपकों की रोशनी से जगमग होंगे।

ग्रेटर नगर निगम की ओर से शहर में पांच लाख दीपक जलाए जाएंगे, ग्रेटर नगर निगम की ओर से शहर में रामोत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत बाईस जनवरी को बड़े स्तर पर दीपदान करने की तैयारी की जा रही है। निगम प्रशासन की ओर से ग्रेटर निगम क्षेत्र के धार्मिक स्थलों, मंदिरों व सरकारी इमारतों में पांच लाख दीपक जलाए जाएंगे। वहीं घर-घर दीपदान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।


महापौर सौम्या गुर्जर ने बताया कि प्रभु रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को रामोत्सव के रूप में मना रहे है। इसे लेकर शहर के बीस से अधिक धार्मिक स्थलों की साफ सफाई की गई। हेरिटेज नगर निगम की ओर से महा दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए हेरिटेज निगम क्षेत्र के हवामहल,किशनपोल, आदर्श नगर, सिविल लाइंस व आमेर विधानसभा क्षेत्र के धार्मिक स्थलों व मंदिरों, गुरुद्वारों में दीपक जलाए जाएंगे। इसे लेकर मेयर मुनेश गुर्जर ने अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए है। वहीं बाईस जनवरी को शहर में शराब व मांस की दुकानें बंद रहेगी।

अगर कहीं ये दुकानें खुली तो हेरिटेज नगर निगम कार्रवाई करेगा। इसके अलावा  धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई, रंगोली, लाइटिंग की जाएगी। निगम की ओर से दीपक दिए जाएंगे। शहर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के होर्डिंग भी लगाए जाएंगे। साथ ही शराब व मांस की दुकानें बंद करवाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version