Site icon www.khabredinraat.com

गोविंद देवजी मंदिर में शक्ति संधान महोत्सव रविवार को

Shakti Sandhan Festival at Govind Devji Temple on Sunday

Shakti Sandhan Festival at Govind Devji Temple on Sunday

जयपुर। शारदीय नवरात्र के उपलक्ष्य में आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को सुबह आठ से दस बजे तक शक्ति संधान महोत्सव-2025 का आयोजन किया जाएगा। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुर श्री राधा गोविंद देवजी, देवमाता गायत्री, मां दुर्गा और गुरु सत्ता के सोडशोपचार पूजन के बाद पंच कुंडीय दुर्गा गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। शारीरिक, आर्थिक, मानसिक सहित किसी भी तरह की अशक्ति को दूर कर शक्ति अर्जन के लिए दुर्गा गायत्री महामंत्र गिरिजायै विद्महे शिवप्रियाय च धीमहि तन्नो दुर्गा प्रचोदयात् के साथ आहुतियां प्रदान की जाएंगी।

गोविंद देवजी मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि यज्ञ निशुल्क है। सभी आवश्यक सामग्री निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। यज्ञ का संचालन गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी की टोली संपन्न कराएगी। जो लोग घरों पर गायत्री मंत्र या अन्य मंत्र का जाप कर रहे हैं वे दशांश हवन के रूप में यहां आहुतियां दे सकेंगे। शारदीय नवरात्र शक्ति साधना के लिए होते हैं। सभी श्रद्धालुओं को गायत्री चालीसा और सत्संकल्प पत्रक निशुल्क प्रदान किया जाएगा।

Exit mobile version