जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने लैपटॉप चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार चोरी के लैपटॉप बरामद किए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
पश्चिम जिला उपायुक्त हनुमान प्रसाद ने बताया कि 7 अक्टूबर को गणेश सिंह चौहान (26) पुत्र भंवर सिंह, निवासी रमन विहार, ब्लॉक-बी, माचेडा हरमाड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे वह ऑफिस बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह ऑफिस पहुंचने पर शटर व खिड़की टूटी हुई मिली। अज्ञात नकबजन ऑफिस से चार लैपटॉप चोरी कर ले गए, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपी दीपक कुमार उर्फ डीके (25) पुत्र अमरनाथ, निवासी राजीव नगर कच्ची बस्ती, गुर्जर की थड़ी, न्यू सांगानेर रोड को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए चारों लैपटॉप बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त नशे का आदी है। नशे की पूर्ति और मौज-मस्ती के लिए वह दिन में कॉलोनियों में मकानों व कार्यालयों की रेकी करता था और रात के समय ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। चोरी किए गए सामान को वह औने-पौने दामों में बेच देता था। पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

