जयपुर। जैन धर्मावलंबियों ने शनिवार, 14 फरवरी को जैन धर्म के बीसवें तीर्थंकर भगवान मुनिसुव्रतनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस मनाया ।इस मौके पर राजधानी के दिगम्बर जैन मन्दिरों में पूजा अर्चना के विशेष आयोजन हुए तथा निर्वाणोत्सव मनाया जाकर निर्वाण लाडू चढाया गया।
अभादिजैन परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि प्रातः मुनिसुव्रतनाथ भगवान के अभिषेक के बाद विश्व में सुख शांति और समृद्धि की कामना करते हुए शांतिधारा की गई ।
जिसके तत्पश्चात श्री जी की अष्ट द्रव्य से पूजा की गई।निर्वाण काण्ड भाषा के उच्चारण के बाद मंत्रोच्चार के साथ भगवान मुनिसुव्रतनाथ का मोक्ष कल्याणक श्लोक का सामूहिक उच्चारण करते हुए मोक्ष कल्याणक अर्घ्य एवं निर्वाण लाडू चढाया गया । भगवान मुनिसुव्रतनाथ की 108 दीपकों से महाआरती के बाद समापन हुआ ।

