Site icon www.khabredinraat.com

चार सूने मकानों में चोरों ने बोला धावा, नकदी-जेवरात ले गए

Jewelery stolen along with cash worth lakhs of rupees from an abandoned house

Jewelery stolen along with cash worth lakhs of rupees from an abandoned house

जयपुर। खोह नागोरियान थाना इलाके में चोरों ने एक के बाद एक कर चार सूने मकानों को निशाना बनाया है। चोर इन मकानों से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले गए। खास बात यह है कि गोविंदपुरा उर्फ रोपाड़ा में जाग होने पर चोरों ने एक युवक पर पहले पथराव किया और फिर उसके साथ मारपीट कर फरार हो गए।

गोविंदपुरा उर्फ रोपाडा निवासी गोपाल सिंह ने मामला दर्ज करवाया कि उसके घर में चोर ताले को आरी से काटकर घुसे और बक्से और अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले गए। खटपट की आवाज सुनकर पड़ोस के मकान में रह रहे उसके भाई रामसिंह की नींद टूटी तो उसने चोरों को देखकर चिल्लाना शुरू किया तो बदमाशों ने पहले तो उस पर पथराव किया और फिर उसके साथ मारपीट कर वहां से भाग निकले। घटना 4 अप्रैल की रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी घटना में गोर्वधन नगर रोपाड़ा निवासी सिन्दु लाल ने मामला दर्ज करवाया कि चोर उसके मकान में ताला तोड़कर अंदर घुसे और बक्से में रखी नकदी, उसकी पत्नी की महंगी साडियां, गुल्लक और एक गुल्लक को तोड़कर रुपए ले गए। घटना 29 मार्च की रात की बताई जा रही है। पीड़ित ने पुलिस को घटना के अगले दिन शिकायत दे दी थी, लेकिन पुलिस पांच दिन बाद मामला दर्ज किया है।

तीसरी घटना में खोरी रोड लूनियावास निवासी रामबाबू ने मामला दर्ज करवाया कि वह परिवार के साथ बाहर गया था। पीछे से चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले गए। पीडित ने पुलिस को बताया कि चोर उसके मकान से करीब ढाई लाख के जेवरात और नकदी लेकर गए है। घटना चार अप्रेल की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। घटना की जानकारी उसे पड़ोसियों ने दी। चौथी घटना में आईजी नगर इंदिरा गांधी नगर निवासी हरिमोहन ने मामला दर्ज करवाया कि चोर उसके सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने चांदी के जेवरात और नकदी ले गए। घटना 3 अप्रेल की बताई जा रही है।

Exit mobile version