जयपुर। कानोता थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में फायरिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो लोहे के पाइप बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 16 फरवरी की रात जेडीए क्वार्टर्स, बगराना में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान एक पक्ष की ओर से अवैध हथियार से हवाई फायरिंग की गई, जबकि दूसरे पक्ष ने लोहे के पाइप व सरियों से मारपीट की। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।
इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई। एक पक्ष के सोनू (22) ने रिपोर्ट में बताया कि वह अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने रोककर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से दर्ज रिपोर्ट में फायरिंग और मारपीट के आरोप लगाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व ललित जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर तीन आरोपियों—सहदुल शेख (21), नासिर (23) और अजय मीना उर्फ काजू (25) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल तथा दो लोहे के पाइप जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से रंजिश चल रही थी, जिसके चलते आमना-सामना होने पर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

