Site icon www.khabredinraat.com

सड़क हादसों में एक महिला सहित तीन की मौत

जयपुर। शहर में अलग-अलग हादसों में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। महेश नगर थाना इलाके में मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे महिला की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार महेश नगर निवासी 62 वर्षीय रुकमणी देवी पत्नी दुर्गाप्रसाद 14 दिसम्बर को मॉर्निंग वॉक पर गई थी। वापस लौटने के दौरान जेडीए पार्क अस्सी फीट रोड पर एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी।

इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। दूसरी घटना में ट्रांसपोर्ट नगर में एक तेज रफ्तार बाइक ने पैदल को टक्कर मार दी। इससे राहगीर की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार निहालपुर दौसा निवासी 35 वर्षीय कुंदनसिंह पुत्र नरपतसिंह 16 दिसम्बर की सुबह करीब साढ़े 10.30 बजे पैदल ही जा रहा था। ट्रांसपोर्ट नगर में एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी मंगलवार को मौत हो गई।

जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल विजय ने बताया कि मृतक बस चालक था और वह किसी काम से जा रहा था इसी दौरान बाइक ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद चालक बाइक लेकर भाग निकला।

तीसरी घटना में गांधी नगर स्टेशन के पास अज्ञात वाहन ने एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार किसान मार्ग बरकत नगर टोंक रोड निवासी 81 वर्षीय हनुमान सहाय 11 दिसम्बर को बाजार गए थे। वापस लौटने के दौरान गांधी नगर रेलवे स्टेशन के सामने एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां पर मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

Exit mobile version