Site icon www.khabredinraat.com

दो दिन मावठ: फिर गलन और कोहरे की दस्तक

जयपुर। नए पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में 31 दिसम्बर और एक जनवरी को मौसम बदला नजर आएगा। इन दो दिनों के दौरान कई संभागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के बाद प्रदेश में तेज सर्दी पड़ने के साथ घना कोहरा भी देखने को मिलेगा। मंगलवार को प्रदेश के पारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। प्रदेश के 18 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मंगलवार को प्रदेश के कई शहरों में हल्के से मध्यम बादल देखने को मिले। 4 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही।

मौसम विभाग के अनुसार फतेहपुर के अलावा वनस्थली का न्यूनतम तापमान 4.6, सीकर का 6.5, पाली का 6.9, अलवर और पिलानी का 7, चूरू का 7.2, बारां का 7.3, सिरोही का 7.4, लूणकरणसर का 7.8, जालोर और झुंझुनूं का 8.2, चित्तौड़गढ़ का 8.6, करौली का 8.8, दौसा का 9, कोटा का 9.1, श्रीगंगानगर का 9.2 और डबोक का 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 31 दिसंबर को राज्य के बीकानेर, जोधपुर, अजमेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों के कुछ भागों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

1 जनवरी को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की बारिश की गतिविधियां होने की संभावना है। 2 जनवरी से पुन: मौसम शुष्क रहने की संभावना है। राज्य के उत्तरी व पश्चिमी भागों में 1-3 जनवरी को घना कोहरा दर्ज होने की संभावना है। राज्य के शेखावाटी क्षेत्र में 2-4 जनवरी के दौरान शीतलहर की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री दर्ज होने की संभावना है।

Exit mobile version