जयपुर। झोटवाड़ा थाना इलाके में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क पार कर रहे दो लोगों को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल महिला और युवक ने दोपहर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया।
एक्सीडेंट थाना पश्चिम थानाधिकारी रामकृपाल ने बताया कि दुर्घटना करणी फाटक स्थित गणेश मंदिर के पास सुबह करीब 9:15 बजे हुई। हादसे में झोटवाड़ा के सीता बिहार निवासी कौशल्या देवी (59) और नींदड़ मोड़ गणेश नगर निवासी आदित्य नागवंशी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
एक्सीडेंट थाना पश्चिम थानाधिकारी रामकृपाल ने बताया कि आदित्य मजदूरी का कार्य करता था। कौशल्या देवी सुबह सूट खरीदने के लिए बाजार आई थीं। इसी दौरान ओवरस्पीड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद चालक सुधीर (45) निवासी मध्य प्रदेश ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर भागने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार चालक शराब के नशे में पाया गया।
सूचना पर झोटवाड़ा और एक्सीडेंट पश्चिम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं मामले की जांच जारी है।

