जयपुर। शहर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए कानोता थाना पुलिस ने सोमवार को कड़ी कार्रवाई की। कानोता पुलिस की मौजूदगी में सरकारी नाले पर अतिक्रमण कर बनाए गए नशा तस्कर मीरा सांसी के दो मंजिला पक्के मकान को ध्वस्त कर दिया गया।
डीसीपी ईस्ट संजीव नैन ने बताया कि मीरा सांसी ने अवैध रूप से नाले पर कब्जा कर मकान बना रखा था। जहां से चोरी-छिपे गांजा और स्मैक की बिक्री की जा रही थी। राजस्व अधिकारियों से मौका रिपोर्ट लेकर पुष्टि के बाद एसीपी बस्सी और थाना कानोता पुलिस की उपस्थिति में जेडीए प्रवर्तन दस्ते ने कार्रवाई करते हुए मकान गिरा दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मीरा सांसी व उसके परिवार के सदस्य—कोमल सांसी, विजेंद्र उर्फ विजय सांसी, लक्की उर्फ राहुल सांसी, महेंद्र सांसी और विक्कु सांसी—मादक पदार्थ तस्करी के कई मामलों में शामिल रहे हैं। जांच में सामने आया कि परिवार के पास कोई वैध आय स्रोत नहीं है, जबकि बैंक खातों में करीब 84.51 लाख रुपये जमा मिले। इसके अलावा महंगी गाड़ियां, बहुमंजिला मकान और अन्य लग्जरी सामान भी बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 107 के तहत संपत्ति कुर्की के लिए न्यायालय में इस्तगासा पेश किया है। मामला विचाराधीन है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के जरिए युवाओं को अपराध की ओर धकेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

