July 9, 2025, 4:02 pm
spot_imgspot_img

गुरु गीता पाठ के साथ गायत्री परिवार का गुरु पूर्णिमा महोत्सव शुरू

जयपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। जयपुर की तीनों शक्तिपीठों, मानसरोवर के वेदना निवारण केन्द्र सहित सभी प्रज्ञा केन्द्रों में मंगलवार को आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा पर्व महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। शक्तिपीठ के व्यवस्थापक सोहनलाल शर्मा ने बताया कि मंगलवार को गुरु गीता का सामूहिक पाठ किया गया।

गायत्री परिवार की सैंकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने गुरु गीता का संगीतमय पाठ किया। गुरु गीता पाठ से पूर्व गायत्री कचोलिया ने प्रज्ञा गीतों के माध्यम गुरु के प्रति कार्यकर्ताओं की श्रद्धा को और अधिक पुष्ट कर दिया। प्रारंभ में वेदमाता गायत्री और गुरू सत्ता का पूजन किया गया। बुधवार को सुबह 6 से शाम 5 बजे तक गायत्री महामंत्र का अखंड जप किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सबके लिए सद्बुद्धि की कामना करते हुए गायत्री महामंत्र का जाप करेंगे। शाम को दीपयज्ञ होगा। गुरू पूर्णिमा महोत्सव 10 जुलाई को मनाया जाएगा। सुबह 8 से 11 बजे तक नौ कुंडीय महायज्ञ, गुरु चरण पादुका पूजन, गुरु दीक्षा एवं अन्य संस्कार आयोजित किए जाएंगे।

वेदना निवारण केन्द्र मानसरोवर: भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर के समकक्ष मानते हुए गुरु पूर्णिमा का पर्व अत्यंत श्रद्धा एवं भक्ति भाव से मनाया जाता है। इसी कड़ी में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में किरण पथ मानसरोवर स्थित श्री वेद माता गायत्री वेदना निवारण केन्द्र में 9-10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर्व महोत्सव मनाया जाएगा।

केन्द्र व्यवस्थापक आर डी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को सुबह 7:30 से शाम 5 बजे तक अखंड जप होगा। शाम 5 से 6 बजे तक दीपयज्ञ होगा। द्वितीय दिन 10 जुलाई गुरुवार को गुरु पूर्णिमा पर्व के शुभ अवसर पर सुबह 8 बजे से नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा। सुबह 11 बजे पूर्णाहुति की जाएगी। इस मौके पर दीक्षा सहित अन्य संस्कार भी कराए जाएंगे। गायत्री चेतना केंद्र, जनता कॉलोनी में 10 जुलाई को आध्यात्मिक वातावरण में सामूहिक गायत्री मंत्र जप एवं पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन मानव जीवन में सद्गुरु की महिमा, वेदमाता गायत्री के जप तथा यज्ञ परंपरा को समर्पित रहेगा। जनमानस में आध्यात्मिक जागरण, संस्कृति संरक्षण एवं सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार करने के लिए अनेक आयोजन किए जाएंगे। दस जुलाई को सुबह 7 से 9 बजे तक सामूहिक गायत्री महामंत्र जप होगा। इसके बाद सुबह नौ से 11 बजे तक पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव होगा।

गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़: आत्मचिंतन, आत्म परिष्कार और आत्मनिर्माण के माध्यम से परमात्म चेतना का साक्षात्कार कराने वाली दिव्य चेतना शक्ति ही सद्गुरु के रूप में जीवन का पथ प्रदर्शन करती है। इसी दिव्य चेतना स्वरूप गुरु सत्ता के प्रति श्रद्धा और समर्पण को समर्पित गुरु पूर्णिमा महापर्व 10 जुलाई को कालवाड़ स्थित गायत्री शक्तिपीठ में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी धर्म सिंह ने बताया कि यह बुधवार, 9 जुलाई को सुबह 6 से शाम 6 बजे तक अखंड जप साधना आयोजित की जाएगी। जबकि मुख्य कार्यक्रम गुरुवार, 10 जुलाई को संपन्न होंगे। गुरुवार को सुबह 9 बजे से 10 बजे तक गुरु पूजन, 10 से 12 बजे तक पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ, 12 से 12:30 तक आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। 12:30 बजे से भोजन प्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

गायत्री शक्तिपीठ वाटिका में गुरुवार, 10 जुलाई को गुरुपूर्णिमा महापर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे से होगा। शक्तिपीठ के व्यवस्थापक रणवीर सिंह चौधरी ने बताया कि इस पावन अवसर पर पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ, पर्व पूजन, गुरुचरण पादुका पूजन, गुरु दीक्षा, विद्यारंभ संस्कार, पुंसवन संस्कार सहित कई धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। कार्यक्रम के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

25,000FansLike
15,000FollowersFollow
100,000SubscribersSubscribe

Amazon shopping

- Advertisement -

Latest Articles