जयपुर। तिलक नगर स्थित योगेश्वर देवीदयाल महामंदिर में 108 कुंडीय योग महायज्ञ और 106वें जन्मोत्सव का आयोजन भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए श्रद्धालुओं व साधकों ने भाग लेकर यज्ञ में आहुतियां दीं और विश्व शांति व मानव कल्याण की कामना की।
आयोजन योग योगेश्वर महाप्रभु रामलाल भगवान, योग योगेश्वर मुलखराज भगवान, योग योगेश्वर देवीदयाल महादेव और योग योगेश्वर सुरेंद्र देव महादेव की प्रेरणा से सम्पन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए 108 कुंडीय यज्ञ के बाद भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचन हुए, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
कार्यक्रम श्री योग अभ्यास आश्रम ट्रस्ट के प्रधान योगाचार्य अमित देव महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। उन्होंने कहा कि योग और यज्ञ जैसे अनुष्ठान समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागरण का संदेश देते हैं।
इस दौरान योग कॉन्क्लेव, एआईएसी सीजन-3 पोस्टर लॉन्च, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह और महिला अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार समारोह भी आयोजित किए गए।




















