भगवान महावीर के 2625 वें जन्मोत्सव के अंतर्गत वीर ग्रुप के रक्तदान शिविर में 47 यूनिट रक्त संग्रहित

0
55

जयपुर। भगवान महावीर के 2625वें जन्मोत्सव के अंतर्गत बुधवार, 18 मार्च 2026 को कुकरखेड़ा, सीकर रोड स्थित खाद्य पदार्थ व्यापार संघ एसोसिएशन भवन में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन राजस्थान रीजन के तत्वाधान में सन्मति ग्रुप के सहयोग से दिगंबर जैन सोशल ग्रुप वीर, जयपुर द्वारा वृहत स्वैच्छिक रक्तदान एवं निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया।

इस सेवा शिविर में 47 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया तथा 128 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ लिया। साथ ही मोतियाबिंद के 27 मरीजों को शंकरा आई हॉस्पिटल, विद्याधर नगर में निःशुल्क ऑपरेशन हेतु चयनित किया गया।

शिविर में नेत्र, दंत, बीपी, शुगर, मलेरिया, ब्लड ग्रुप, सिफिलिस, हेपेटाइटिस एवं एचआईवी सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों की जांच निःशुल्क की गई। चिकित्सकीय परामर्श अनुसार मरीजों को एलोपैथी एवं होम्योपैथी दवाइयों के साथ कमजोर नजर के लिए चश्मों का भी निःशुल्क वितरण किया गया।

कार्यक्रम में मणिपाल हॉस्पिटल, शंकरा आई हॉस्पिटल, एसडीएमएच हॉस्पिटल ब्लड बैंक, क्लोव डेंटल एवं सानत्व होम्योपैथी क्लीनिक की टीमों ने निःशुल्क सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर संयोजक एवं जयपुर रीजन सचिव तथा वीर ग्रुप के अध्यक्ष नीरज जैन एवं सचिव पंकज जैन ने इस सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समाजसेवी मनोज जैन, तारेश जैन, सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा टीमों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रीजन सचिव सुनील बज, शिविर मुख्य समन्वयक राजेश बड़जात्या, राकेश गोदिका, अनिल रांवका, नितेश सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here