जयपुर में एरिया डोमिनेशन अभियान, 578 वांछित व असामाजिक तत्व गिरफ्तार

0
31

जयपुर। पुलिस कमिश्नरेट जयपुर की ओर से शहर में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से व्यापक एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (अपराध) मनीष अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह के सुपरविजन में यह विशेष कार्रवाई की गई।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम जिलों में वांछित अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर, इनामी बदमाशों, महिला अत्याचार प्रकरणों में वांछित,आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, साइबर अपराध, अवैध शराब तथा अन्य मामलों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए 219 टीमों ने 1131 स्थानों पर दबिश दी।

इस कार्रवाई के दौरान कुल 578 वांछित व असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया। स्थानीय एवं विशेष अधिनियमों के तहत 95 नए प्रकरण दर्ज कर 92 अपराधियों को पकड़ा गया। 76 स्थायी वारंटी/घोषित अपराधी/इनामी सहित गिरफ्तारी वारंट में वांछित आरोपियों को दबोचा गया। जबकि तीन इनामी अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।

आर्म्स एक्ट में 6, अवैध शराब के 65 तथा एनडीपीएस एक्ट के 13 नए प्रकरण दर्ज किए गए। गिरफ्तारी वारंट में 68 आरोपियों को पकड़ा गया, वहीं 317 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत 14 प्रकरण दर्ज कर 14 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 2 किलो 245 ग्राम गांजा, 4.35 ग्राम स्मैक व नशा सेवन के उपकरण जब्त किए गए।

आबकारी एक्ट के 66 मामलों में 63 व्यक्तियों की गिरफ्तारी कर 1723 लीटर देशी व अंग्रेजी शराब जब्त की गई। अन्य विशेष अधिनियमों में 9 प्रकरण दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here