जयपुर। सिंधी कैम्प थाना इलाके में चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दो बदमाश कार, नकदी और मोबाइल लूट कर ले गए। पुलिस के अनुसार उनियारा टोंक निवासी शहजाद खान ने मामला दर्ज करवाया कि उसका बेटा वसीम मोहम्मद किराए की गाडी चलाता है। स्टेशन रोड पर गाडी खड़ी थी इसी दौरान दो युवक आए और उसे मेंहदीपुर बालाजी जाने के लिए गाडी बुक कर ली। इसके बाद बदमाशों ने उसे रास्ते में पीने को कोल्ड ड्रिंक दी।
कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वह बेहोश हो गया। इसके बाद बदमाश कार, मोबाइल और उसकी जेब से 12000 रुपए लेकर चले गए। बदमाश उसके बेटे को सड़क के साइड में पटक कर फरार हो गए। होश में आने पर पीडित ने उसे सारी घटना बताई। इस पर परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में स्टेशन रोड और सिंधी कैम्प के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।




















