नवीन आपराधिक कानून:पुलिस महानिदेशक साहू ने किया आईओ हैंडबुक व इंवेस्टिगेशन फ्लो चार्ट पोस्टर का विमोचन

0
694
Director General of Police Sahu released IO Handbook and Investigation Flow Chart Poster.
Director General of Police Sahu released IO Handbook and Investigation Flow Chart Poster.

जयपुर। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उत्कल रंजन साहू ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में नवीन आपराधिक कानूनों (न्यू क्रिमिनल लॉज-2023) के संदर्भ में अनुसंधान अधिकारी (आईओ) के लिए हैंडबुक व अनुसंधान फ्लो चार्ट के पोस्टर का विमोचन किया।

आईओ हैंडबुक में पुलिस अनुसंधान प्रक्रिया का पुराने और नए कानूनों के संदर्भ में तुलनात्मक विवरण, राजस्थान पुलिस अधिनियम एवं रेगुलेशन के संदर्भित प्रावधान एवं विधि विज्ञान के अनुसंधान में उपयोगी सामग्री के साथ ही इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर्स के संदर्भ और विवेचन के लिए तार्किक फ्लो चार्ट एवं ब्रोशर का समावेश किया गया है।

डीजीपी साहू ने इस अवसर पर अधिकारियों को हैंडबुक व इंवेस्टिगेशन फ्लो चार्ट की प्रतियों को पुलिस रेंज, जिला, वृत एवं थाना स्तर तक वितरण करने के लिए निर्देश देते हुए कहा कि ’न्यू क्रिमिनल लॉज-2023’ के बारे में प्रदेश में जारी प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निर्धारित टाइमलाइन में पूरा करें।

प्रदेश में करीब 12 हजार पुलिस ऑफिसर्स एवं पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण पूर्ण

डीजीपी साहू ने बताया कि आगामी 01 जुलाई से देश में लागू होने वाले नवीन आपराधिक कानूनों के बारे में राज्य में पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक लगभग 12 हजार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नवीन आपराधिक कानूनों-2023 का प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है, जून-2024 के अन्त तक राज्य के समस्त पुलिस अनुसंधान अधिकारियों की ट्रेनिंग पूरी कर ली जाएगी।

डीजीपी द्वारा पुलिस मुख्यालय में नवीन आपराधिक कानूनों की आईओ हैंडबुक व अनुसंधान फ्लो चार्ट पोस्टर के विमोचन के अवसर पर अतिरिक्त महानिदेशक, क्राइम दिनेश एम. एन, अतिरिक्त महानिदेशक, भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड सचिन मित्तल, उप महानिरीक्षक, पुलिस प्रशिक्षण राहुल कोटोकी, इंटेलिजेंस ट्रेनिंग अकादमी के निदेशक दीपक भार्गव एवं पुलिस अधीक्षक जयपुर (ग्रामीण) शांतनु कुमार सिंह के अलावा नवीन आपराधिक कानून-2023 के क्रियान्विति से संबंधित समितियों के सदस्यों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धनपत राज, शालिनी सक्सेना एवं सुशीला यादव, उप पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह, पुलिस निरीक्षक दीपक यादव, धीरज वर्मा एवं पंकज राज तथा एसआई सोनिया तंवर मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय के स्तर पर गृह मंत्रालय भारत सरकार के आदेशों की अनुपालना में 13 जनवरी, 2024 को नवीन आपराधिक कानून-2023 के क्रियान्वित किये जाने के लिये 07 विभिन्न समितियों का गठन किया गया था और अतिरिक्त महानिदेशक, पुलिस प्रशिक्षण श्रीमती मालिनी अग्रवाल को राज्य में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उप महानिरीक्षक, पुलिस प्रशिक्षण श्री राहुल कोटोकी को नवीन आपराधिक कानूनों-2023 के क्रियान्वयन तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को जिला स्तर पर नोडल अधिकारी बनाया गया है।

प्रदेश में इन कानूनों के सम्बंध में गत फरवरी माह में डीजीपी की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय स्तर पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें अतिरिक्त महानिदेशक, महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के 72 पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इसी सिलसिले में जिला प्रशिक्षण केन्द्रों पर पुलिस बल को ऑफलाईन, ऑनलाईन, सीडीटीआई एवं प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से नवीन आपराधिक कानूनों का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए 300 मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए, जो जिलों व प्रशिक्षण संस्थानों में पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here