जयपुर। आषाढ़ शुक्ल नवमी सोमवार को भड़ल्या नवमी के रूप में मनाई गई। 17 जुलाई को देवशयनी एकादशी से शुरू हो रहे देवशयकाल से पूर्व गृह प्रवेश-विवाह मंगल कार्यों के आखिरी मुहूर्त में विवाह, सगाई, गृह प्रवेश, नवीन व्यापार आरंभ, जनेऊ संस्कार सहित मांगलिक आयोजनों की धूम रही। बड़ी संख्या में गृह प्रवेश और व्यापारिक प्रतिष्ठान का शुभारंभ भी हुआ। विवाह के लिए सगाई के दस्तूर भी बड़ी संख्या में हुए। श्री शिवशक्ति नवयुवक मण्डल संस्थान, हीदा की मोरी की ओर से सोमवार को गोनेर रोड स्थित किशन महल गार्डन में चार अभावग्रस्त परिवारों की चार लड़कियों का पाणिग्रहण संस्कार किया गया।
इससे पूर्व मंडल स्थान श्याम कुंज लक्ष्मीनगर-बी बताशा फैक्ट्री गोनेर रोड से बाबा श्याम की झांकी के साथ कलशयात्रा और शोभायात्रा निकाली गई। इसमें करीब डेढ़ सौ महिलाएं सिर पर कलश लेकर मंगल गीत गातीं चल रहीं थीं। वहीं करीब 70 युवा हाथों में श्याम प्रभु का निशान लेकर चल रहे थे। जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। विभिन्न मार्गों से होते हुए शोभायात्रा विवाह स्थल किशन महल गार्डन, बीपीएल. गोदाम के सामने, गोनेर रोड़ पहुंची। गणेश पूजन के बाद गोनेर रोड स्थित राधा कृष्ण मंदिर से गाजेबाजे के साथ बारात रवाना हुई।
चार अलग-अलग घोडिय़ों पर सवार होकर दूल्हों की बारात नाचते-झूमते विवाह स्थल पहुंची। तोरण और बारात के स्वागत सत्कार के बाद चार अलग-अलग वेदियों पर वैदिक विधि से चारों जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार कराया गया। प्रतिष्ठित लोगों ने वर-वधु को सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया। संस्थान की ओर से वर-वधु को अलमारी, डबल बेड, सेंटर टेबिल, ड्रेसिंग टेबिल, सिलाई मशीन, चौकी, मिक्सी, प्रेस, कुर्सी, सूटकेस, गद्दा-तकिया, कंबल, बर्तन, नाक का कांटा, अंगूठी, पायजेब, बिछिया, दुल्हन का बेस, पांच साडिय़ां, दुल्हे का कोट-पेंट सहित अनेक उपहार दिए गए।
श्याम प्रभु का किया गुणगान:
पाणिग्रहण संस्कार के बाद श्याम प्रभु के दरबार के समक्ष भजन संध्या का आयोजन किया गया। गोपाल सैन, अमित नामा, अजय शर्मा, दिनेश संगम, महेश परमार, अभिषेक नामा, आयुष सोमानी, मनोज शर्मा, सौरभ शर्मा, राहुल खंडेलवाल सहित अन्य भजन गायकों ने खाटूनरेश का गुणगान किया।