जयपुर। शारदीय नवरात्रा गुरुवार से प्रारंभ होने जा रहा है। नवरात्रों में आमेर में लगने वाला मेले की संम्पूर्ण तैयारिया मंदिर प्रशासन ने पूरी कर ली है। श्रद्धालु को मेले में किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए मंदिर प्रशासन ने माता रानी के दर्शन के लिए लगने वाली कतार में छात्रा के लिए टेंट की व्यवस्था की है। दिव्यांगों के लिए अलग कतार के साथ पानी की व्यवस्था की है। मंदिर परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है।
मंत्रोच्चार के साथ होगी घट स्थापना
मंदिर के पुजारी बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि शिला माता मंदिर में तीन अक्टूबर को सुबह 6.35 बजे मंत्रोच्चार के साथ घट स्थापना होगी। इसके बाद सुबह 7.35 बजे से श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। 9 अक्टूबर को आमेर में छठ का मेला भरेगा। 10 अक्टूबर को रात 10 बजे निशा पूजा होगी। 11 अक्टूबर को शाम 4.39 बजे पूर्णाहुति होगी। 13 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे उत्थापना होगी।
गौरतलब है कि आमेर का शिला माता मंदिर एक ऐतिहासिक मंदिर है। इस मंदिर की प्रतिमा को राजा मानसिंह युद्ध में जीत कर लाए थे। पुरातत्व विभाग के मुताबिक इस प्रतिमा को बंगाल से लाया गया था। मंदिर का मुख्य द्वार चांदी का बना हुआ है। इस पर नवदुर्गा शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि एवं सिद्धिदात्री के चित्र तराशे हुए हैं।




















